भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के एक भांजे की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री के दो भांजों के बीच आपसी विवाद में गोली चलने के कारण एक भांजे की मौत हो गई है। भांजों के नाम जयजीत और विश्वजीत बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पानी को लेकर मामूली सा बात बड़े विवाद का रूप ले लिया जिसके बाद जयजीत ने गोली चला दी जिससे विश्वजीत की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बताया जा रहा है दोनों भाइयों के विवाद में मां के भी घायल होने की खबर है। भागलपुर के नवगछिया पुलिस के अनुसार, पानी को लेकर हुए विवाद में दोनों भाइयों के बीच पहले बहस हुई फिर गोली चल गई। झगड़े के दौरान बीच बचाव करने आई मां भी घायल हो गई। जयजीत और मां हिना देवी को भागलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मां हिना देवी के हाथ में गोली लगी है। मृतक विश्विजित और जयजीत केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की बहन के बेटे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के दोनों भांजे विश्वजीत यादव और जयजीत यादव एक ही मकान में रहते थे। ये मकान नवगछिया के जगतपुर गांव में है। दोनों भाइयों में विश्वजीत बड़ा और जयजीत छोटा था। बताया जा रहा है कि नल के पानी को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। जिसके बाद दोनों में मारपीट हो गई और फिर जयजीत ने फायरिंग कर दी। विश्वजीत ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें जयजीत बुरी तरह घायल हुआ है।