हजारीबाग। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल 6 फरवरी को हजारीबाग उपायुक्त नैंसी सहाय के साथ बैठक की है। दरअसल बड़कागांव प्रखंड के महुदी में रामनवमी जुलूस को लेकर बड़े लम्बे समय से विवाद चलता आ रहा है। वर्ष 1985 से बड़कागांव के महुदी गांव में जुलूस मार्ग को जिला प्रशासन के आदेश के बाद बंद कर दिया गया था। जिला प्रशासन द्वारा महुदी में विवादित मार्ग में रामनवमी में बैरिकेटिंग कर दी जाती है। बीते वर्षों में यह विवाद काफी गहरा गया था। बीते साल विवादित मार्ग से जुलूस ले जाने को लेकर काफी बवाल हुआ था।
बड़कागांव प्रखंड क्षेत्र के महुदी में रामनवमी जुलूस को लेकर काफी गहरा विवाद है जिसके कारण पिछले कई वर्षों से महुदी का जुलूस का आयोजन नहीं हो पा रहा है। विवाद को सुलझाने के प्रयास को लेकर महुदी एवं बड़कागांव के जनप्रतिनिधियों के साथ हजारीबाग की उपायुक्त नैंसी सहाय के साथ सांसद मनीष जायसवाल ने बैठक की है।
जिला प्रशासन द्वारा सामाजिक पहल के द्वारा इस विवाद को सुलझाने एवं महुदी की जुलूस को हर्षोल्लास से आयोजित कराने का आश्वासन दिया गया। इस बैठक में बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक लोकनाथ महतो, सांसद प्रतिनिधि सत्येन्द्र सिंह, भाजपा बड़कागांव पूर्वी के मंडल अध्यक्ष खेमलाल महतो, बड़कागांव के पूर्व प्रमुख तुकेश्वर प्रसाद, बड़कागांव के उप- प्रमुख बचन देव कुमार, महुदी के ग्राम अध्यक्ष सीताराम राणा, महुदी के भाजपा नेता राज कुमार राणा व महुदी के स्थानीय ग्रामीण शामिल थे।