राँची। झारखंड की राजधानी रांची शहर के कांके इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और जिला परिषद के पूर्व सदस्य अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अपराधी ने भाजपा नेता की हत्या बुधवार की शाम करीब चार बजे की है। दिनदहाड़े हुई इस हत्याकांड से भीड़भाड़ वाले कांके चौक पर भगदड़ मच गई। मिली जानकारी के अनुसार अनिल महतो टाइगर कांके चौक के ठाकुर होटल में बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर अपराधियों ने उनके करीब पहुंचकर सिर में गोली मार दी। बाइक सवार अपराधियों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई। इसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। आनन फानन में उन्हें रिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है। इस घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने एक शूटर को दबोच लिया है। वहीं दूसरे की तलाश में दबिश तेज कर दी गई है। इधर, बीजेपी और आजसू पार्टी ने इस घटना के विरोध में गुरुवार को रांची बन्द का आह्वान किया है।
पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर राजनीतिक रूप से भी काफी सक्रिय रहे थे। आजसू और भाजपा के लिए सक्रिय राजनीति की थी। अनिल टाइगर कांके इलाके के ही रहने वाले थे। वो कोकर में चड्डा पेट्रोल पंप के पास रहते थे। कांके महावीर मंडल का दो दिन पहले ही अनिल टाइगर को अध्यक्ष बनाया गया था। अनिल टाइगर की हत्या के विरोध में बीजेपी और आजसू के द्वारा 27 मार्च को रांची बंद बुलाया गया है।