राँची। राजधानी राँची स्थित राज्य के सबसे सुरक्षित जेल कहे जाने वाले बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा यानी कि होटवार जेल से गुरुवार शाम को हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा एक उग्रवादी फरार हो गया था। इस घटना के बाद जेल आईजी सुदर्शन मण्डल ने कार्रवाई की है। जेल आईजी ने बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल के छह कक्षपालों को लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया है।
छह कक्षपाल पर गिरी गाज
बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार सजायाफ्ता कैदी के फरार हो जाने की घटना की जांच शुरू हो गई है, हालांकि फरार कैदी अभी तक पुलिस के पकड़ से बाहर है। इस घटना ने जेल प्रशासन की लापरवाही की पोल खोल दी है। मामले में शनिवार को जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप में बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल के छह कक्षपाल को त्वरित कार्यवाही करते हुए निलंबित कर दिया है। निलंबित हुए कक्षपालो में बिचा मुंडा, सत्या नायक, सुमन लोहार, राकेश कुमार सिंह, रंजीत महतो और गोपाल ही शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार जेल आईजी ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है इसमें और जो भी पदाधिकारी दोषी पाए जाएंगे उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।